Bihar Education News: बिहार में रिसर्च और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. राजधानी पटना में IIT रिसर्च पार्क बनाया जाएगा. बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई. इस परियोजना पर करीब 305 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
रिसर्च पार्क के निर्माण की योजना तैयार करने से लेकर पूरे प्रोजेक्ट की निगरानी तक की जिम्मेदारी IIT मद्रास को दी गई है. इसके लिए सेंटर फॉर अर्बनाइजेशन, बिल्डिंग एंड एनवायरनमेंट (CUBE), IIT मद्रास को मुख्य सलाहकार और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंट के रूप में चुना गया है.
सरकार की इस योजना का मकसद बिहार में उच्चस्तरीय शोध, नई तकनीक और इनोवेशन के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित करना है. IIT रिसर्च पार्क बनने से शोध से जुड़े संस्थानों और तकनीकी क्षेत्र में काम करने वालों को एक बेहतर मंच मिल सकेगा.
इस परियोजना से राज्य के युवाओं को भी फायदा मिलने की उम्मीद है. रिसर्च, तकनीकी विकास और नए प्रयोगों के क्षेत्र में अवसर बढ़ सकते हैं. 305 करोड़ रुपये की इस परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद अब इसके निर्माण और आगे की प्रक्रिया पर काम शुरू होगा.





