PATNA:संडे छुट्टी का दिन होने की वजह से एक बच्चा सुबह-सुबह साइकिल चलाने के लिए निकला था। तभी तेज गति में आ रही ट्रिपल लोडिंग बाइक ने उसे रौंद डाला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गयी। सुबह-सुबह इस दर्दनाक घटना से इलाके में सनसनी फैल गयी। हादसे के वक्त 60 के स्पीड में बाइक थी। बाइक पर तीन लोग सवार थे। बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि एक मौके से भाग निकला। तीसरे युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। इस पूरे मामले की छानबीन में पुलिस जुटी हुई है। घटना पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के न्यू पंजाबी कॉलोनी की है। घटना से परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
राजधानी पटना के गर्दनीबाग थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार ट्रिपल लोडिंग बाइक की टक्कर से साइकिल चला रहे एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार है। यह घटना न्यू पंजाबी कॉलोनी की है। मृतक की पहचान सनोज कुमार के पुत्र उत्कर्ष कुमार के रूप में हुई है। उत्कर्ष दूसरी कक्षा का छात्र था और रघुनाथ टोला स्थित स्प्रिंडल पब्लिक स्कूल में पढ़ता था।
परिजनों के अनुसार, रविवार होने के कारण उत्कर्ष सुबह गली में साइकिल चला रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार और लहरियाकट तरीके से चलाई जा रही बाइक ने पीछे से उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बाइक पर तीन युवक सवार थे और उसकी रफ्तार लगभग 60 किलोमीटर प्रति घंटे थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उत्कर्ष सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बाइक सवार तीनों युवक भी सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ट्रैफिक थानेदार ब्रजेश कुमार चौहान ने बताया कि बाइक चालक विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह जहानाबाद जिले के नेवारी मखदुमपुर का निवासी है और फिलहाल पटना के न्यू अलकापुरी रोड नंबर-9 में रहता है। दूसरा गिरफ्तार युवक रघुनाथ टोला का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा बादशाह अगरबत्ती के पास हुआ, जहां ट्रिपल लोडिंग बाइक की टक्कर से एक बर्तन दुकानदार के बेटे की जान चली गई। घटना के बाद लोगों में काफी आक्रोश देखा गया।
पटना से सूरज की रिपोर्ट





