Bihar News: राजधानी पटना में एक बार फिर से इमरजेंसी सायरन बजेगा। डायरेक्ट्रेट ऑफ सिविल डिफेंस ने आम लोगों से अपील की है कि इस दौरान वे घबराएं नहीं, यह सिर्फ एक तकनीकि परीक्षण है। सायरन की आवाज सुनकर किसी प्रकार की अफवाह, भ्रम या भय में न आएं।
दरअसल, नागरिक सुरक्षा निदेशालय, बिहार, पटना द्वारा यह जानकारी दी गई है कि न्यू पुनाईचक, पटना स्थित निदेशालय के नियंत्रण कक्ष में स्थापित आपातकालीन सायरन प्रणाली का तकनीकी परीक्षण दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे के बीच किया जाएगा।
निदेशालय ने कहा है कि तकनीकी परीक्षण के दौरान सायरन से निर्धारित परीक्षण ध्वनियां, जैसे चेतावनी एवं हमला टलने आदि से संबंधित सायरन संकेत, प्रसारित किए जाएंगे। नागरिक सुरक्षा निदेशालय ने आमजन से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर किसी प्रकार की अफवाह, भ्रम या भय में न आएं। यह सायरन केवल तकनीकी परीक्षण के उद्देश्य से बजाया जाएगा।
इस परीक्षण का किसी भी प्रकार की वास्तविक आपदा, हवाई हमला, आगजनी, बाढ़, भूकंप अथवा अन्य आपात स्थिति से कोई संबंध नहीं है। अतः सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं और धैर्य बनाए रखें।





