Bihar Cyber Fraud: खगड़िया में महिला सिपाही को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख 83 हजार रुपये की ठगी करने और बाद में उसके पति को फंसाने की कथित साजिश का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपित भाइयों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने महिला सिपाही के पति को फंसाने के लिए उसके बासा पर अवैध हथियार, गांजा और शराब रखवा दिए थे.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन राज और उसके भाई रंजन कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके कब्जे से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 200 ग्राम गांजा और करीब छह लीटर देसी शराब बरामद की है.
महिला सिपाही ने पसराहा थाना में दर्ज शिकायत में बताया है कि उसकी मुलाकात अमन राज से वर्ष 2022 में पटना में हुई थी. दोनों की दोस्ती सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान हुई थी. महिला सिपाही का आरोप है कि वर्ष 2023 में अमन राज ने उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया.
कुछ समय बाद महिला सिपाही की शादी किसी दूसरे युवक से हो गई. इसके बाद अमन राज कथित तौर पर उसे अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा और इसी के आधार पर उससे रुपये की मांग की. महिला सिपाही के अनुसार, धमकी देकर उससे कुल 10 लाख 83 हजार रुपये लिए गए.
इसके बाद महिला सिपाही ने अमन राज के खिलाफ पसराहा थाना में शिकायत दर्ज करा दी. पुलिस के पास मामला पहुंचने के बाद अमन राज ने कथित तौर पर महिला सिपाही के पति को फंसाने की योजना बनाई.
पुलिस के अनुसार, अमन राज ने अपने भाई रंजन कुमार के साथ मिलकर महिला सिपाही के पति के बासा पर अवैध हथियार, गांजा और देसी शराब रखवा दी. इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना देकर महिला सिपाही के पति के खिलाफ कार्रवाई कराने का प्रयास किया गया.
मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पूरे घटनाक्रम में अमन राज और उसके भाई की भूमिका सामने आई. जांच के दौरान पुलिस ने बासा से एक देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, 200 ग्राम गांजा और करीब छह लीटर देसी शराब बरामद की.
पुलिस ने मामले में अमन राज और रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि महिला सिपाही से ठगी की रकम का इस्तेमाल कहां किया गया और इस पूरे मामले में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं.
गोगरी के एसडीपीओ चंदन कुमार ने बताया कि मामले की जांच के दौरान दोनों भाइयों की भूमिका सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया. पुलिस बरामद सामान और महिला सिपाही की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है.





