Patna News: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को विभाग की टीम ने पटना शहरी क्षेत्र के 50 से अधिक पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान कई पंडालों में सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां पाई गईं। फायर डीआईजी मनोज कुमार नट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले पूजा पंडालों के खिलाफ शुक्रवार शाम से कार्रवाई शुरू की जाएगी। जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
फायर डीआईजी मनोज कुमार नट ने खुद डाकबंगला चौराहे और महावीर मंदिर स्थित पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने पंडाल संचालकों को झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त कराने और सजावट में सिंथेटिक कपड़ों के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। साथ ही आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव के लिए पंडालों में पानी से भरे ड्रम रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में बने पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पंडाल संचालकों को आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम करने और सुरक्षा संबंधी कमियों को जल्द दूर करने को कहा गया।
फायर डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि इस बार पिछले साल की तुलना में करीब 32 प्रतिशत अधिक पूजा पंडाल बनाए गए हैं। दुर्गा पूजा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पटना पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है।
अग्निशमन विभाग की ओर से जिन पूजा पंडालों में सुरक्षा संबंधी कमियां पाई गई हैं, उनके संचालकों को सुधार करने का मौका दिया जा रहा है। इसके बावजूद निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले पंडालों के खिलाफ शुक्रवार शाम से कार्रवाई शुरू की जाएगी। गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
निरीक्षण अभियान में फायर डीआईजी मनोज कुमार नट, डीएफओ अभिषेक कुमार और अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





