Bihar Crime News: बिहार में बेखौफ हो चुके अपराधियों ने एक बार फिर से तांडव मचाया है. अपराधियों ने मधेपुरा में दिनदहाड़े गोली मारकर आरजेडी विधायक और पूर्व मंत्री चंद्रशेखर यादव के ममेरे भाई की हत्या कर दी. मृतक की पहचान घैलाढ़ प्रखंड के इनरवा निवासी सुनील यादव के पुत्र प्रिंस कुमार रंजन के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
जानकारी के अनुसार, प्रिंस कुमार रंजन विश्वविद्यालय जाने के लिए घर से निकले थे. इसी दौरान साहुगढ़ से पश्चिम गोढ़ियारी के बीच रास्ते में अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें गोली मार दी. बताया जा रहा है कि गोली उनके सीने के पास लगी, जिससे उनकी मौत हो गई.
दिनदहाड़े हुई हत्या की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार और परिचितों में शोक का माहौल है. विश्वविद्यालय जाने के लिए घर से निकले प्रिंस की रास्ते में हत्या की खबर से परिजन सदमे में हैं. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रिंस को किस वजह से गोली मारी गई और वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं.
प्रिंस कुमार रंजन की हत्या के पीछे व्यक्तिगत विवाद, आपसी रंजिश या कोई अन्य कारण होने की आशंका से भी जांच की जा सकती है, लेकिन फिलहाल किसी वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आने की उम्मीद है.





