PATNA:छठ महापर्व पर जब पूरा परिवार भगवान सूर्य को अर्घ्य देने घाट पर गया था, तभी चोरों ने घर को अपना निशाना बना लिया। भीषण चोरी की घटना पटना के चक बैरिया गांव की है, जहां शातिर चोरों ने दो मंजिला मकान का ताला तोड़कर करीब 2 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 50 हजार कैश चोरी कर लिए। हैरानी की बात यह है कि चोरों ने घर में रखे चांदी के गहनों और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया।
जब अर्घ्य देकर परिवार घर लौटा तब वहां का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गयी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन शुरू की। इलाके में लगे सीसीटीवी को पुलिस खंगालने में जुटी है।
घटना संपतचक थाना क्षेत्र के गोपालपुर अंतर्गत चक बैरिया गांव की है। सोमवार की सुबह अरुण सिंह और उनके भाई धर्मेंद्र सिंह का परिवार उगते सूर्य को अर्घ्य देने बैरिया सूर्य मंदिर घाट गया था। घर खाली देखकर चोरों ने इसी मौके का फायदा उठाया। मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोर मकान के अंदर दाखिल हुए और एक-एक कर कमरों को खंगाल डाला।
चोरों ने अलमारियों, पेटियों, बक्सों और दीवान पलंग तक की तलाशी ली। इसके बाद दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और उनकी मां रेणु सिंह के सोने के जेवरात समेट लिए। चोरी गए गहनों की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा चोर घर से 50 हजार रुपये कैश भी ले गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घर में मौजूद चांदी के जेवरात और बर्तनों को चोरों ने छुआ तक नहीं।
परिवार जब अर्घ्य देकर वापस लौटा तो मुख्य दरवाजे का टूटा ताला देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात के डिब्बे खाली मिले। इसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
चोरी की सूचना पर गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पास के एक मकान के कैमरे में कुछ संदिग्ध गतिविधियां कैद होने की बात सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
पीड़ित परिवार के सदस्य अलग-अलग प्रतिष्ठित पेशों से जुड़े हैं। घर के मालिक अरुण सिंह निजी कंपनी में काम करते हैं, जबकि उनके भाई धर्मेंद्र सिंह गया स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान हुई इस चोरी ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





