SAMASTIPUR: बड़ी खबर समस्तीपुर से आ रही है, जहां जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक पक्ष की ओर से की गई फायरिंग में गोली लगने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सरायरंजन थाना क्षेत्र के जखड़ा गांव की है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायल महिला की पहचान दरभंगा जिले के हायाघाट थाना क्षेत्र के पौराम निवासी सृष्टिनाथ झा की पत्नी रेनू कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान फायरिंग की गई, जिसमें रेनू कुमारी को गोली लग गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए एक आरोपी युवक को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।





