MUNGER: लोक आस्था के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार की सुबह मुंगेर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। बरियारपुर थाना क्षेत्र के रहिया गंगा घाट पर उगते सूर्य को अर्घ्य देने गई 15 वर्षीय किशोरी की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद छठ घाट पर खुशी का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
मृतका की पहचान खगड़िया जिले के भौरकाठ निवासी कुंदन कुमार और अमृता कुमारी की 15 वर्षीय बेटी कुसुम कुमारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुसुम छठ पर्व मनाने अपने मामा अंजनी कुमार के घर विजयनगर आई हुई थी।
सोमवार की सुबह वह परिवार के साथ रहिया गंगा घाट पर भगवान सूर्य को अर्घ्य देने पहुंची थी। इसी दौरान वह नदी के गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। देखते ही देखते वह पानी में लापता हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना की पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नदी में किशोरी की तलाश शुरू की गई।
इस दर्दनाक घटना के बाद मृतका के माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में छठ की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।





