Bihar Viral Video: बिहार में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर अपना दबदबा दिखाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद युवक हथियारों के साथ वीडियो और रील बनाकर उन्हें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं. ऐसा ही एक मामला बगहा से सामने आया है, जहां हथियार के साथ युवक का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
मामला चौतरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर पतिलार गांव का है. सोशल मीडिया पर एक युवक का हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने इसकी जांच शुरू की. जांच के दौरान युवक की पहचान हीरामन यादव के पुत्र बालाधन यादव के रूप में हुई.
वीडियो वायरल होने की जानकारी मिलने के बाद चौतरवा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच करने के बाद युवक को गिरफ्तार कर लिया.
हथियार को लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
युवक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब वायरल वीडियो से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार किसका है और युवक तक वह हथियार कैसे पहुंचा.
पुलिस वीडियो बनाए जाने के कारणों और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने को लेकर भी युवक से पूछताछ कर रही है. मामले में पुलिस की जांच आगे जारी है.





