BETTIAH: मां कालीधाम मंदिर की खाली जमीन पर पार्क निर्माण को लेकर बुधवार को बेतिया में जमकर हंगामा हुआ। नगर निगम की बैठक के दौरान पूजा समिति और कालीबाग के स्थानीय लोगों ने महापौर गरिमा देवी सिकारिया और उनके पति रोहित सिकारिया के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए विरोध जताया।
विरोध कर रहे लोगों ने महापौर और उनके पति को करीब दो घंटे तक घेरकर रखा। हंगामे और तनाव की सूचना पर सदर एसडीपीओ अजीत कुमार, यातायात डीएसपी अतनु दत्ता, एसडीएम समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
पूजा समिति और स्थानीय लोगों का आरोप है कि मां कालीधाम मंदिर की जमीन पर पार्क निर्माण का निर्णय धार्मिक आस्था और स्थानीय भावनाओं के विपरीत है। लोगों ने स्पष्ट कहा कि मंदिर की जमीन पर किसी भी कीमत पर पार्क का निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
नगर निगम की ओर से पार्क निर्माण के लिए निविदा जारी किए जाने के बाद से ही विवाद लगातार गहराता जा रहा है। बुधवार को विरोध नगर निगम सभागार के बाहर तक पहुंच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग जुट गए और महापौर एवं उनके पति के खिलाफ नारेबाजी शुरू हो गई।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। एसडीएम की पहल पर बातचीत के बाद लोगों ने महापौर और उनके पति को घेराव से मुक्त किया। इसके बाद स्थिति को शांत कराने की कोशिश की गई।
अब पूरे मामले में नगर निगम के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हैं। बड़ा सवाल यह है कि मां कालीधाम की जमीन पर प्रस्तावित पार्क का निर्माण आगे बढ़ेगा या पूजा समिति और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद नगर निगम अपने फैसले पर पुनर्विचार करेगा?
बेतिया से संतोष सिंह की रिपोर्ट





