Patna Oxygen Cylinder Blast: पटना के भूतनाथ रोड स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया। गाड़ी से सिलेंडर उतारने के क्रम में यह घटना हुई है। यह मामला अगमकुआं थाना क्षेत्र का है। यहां सिलेंडर फटने से इसकी चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है। उसे इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, सिलेंडर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए। कुछ देर तो समझ नहीं आया कि क्या हुआ है। इतना ही नहीं घटनास्थल पर खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही अगमकुआं थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दिया गया।
इसको लेकर अगमकुआं थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मृतक और घायल दोनों व्यक्ति की पहचान की जा रही है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में जो लंबा वाला ऑक्सीजन सिलेंडर सप्लाई होता है वही फटा है। सिलेंडर उतारने के बाद जो व्यक्ति ले जा रहा था उसकी मौत हुई है। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है।
बताया गया कि मृतक व्यक्ति अस्पताल का कर्मी नहीं है बल्कि सिलेंडर पहुंचाने वाला है। दूसरी ओर घायल व्यक्ति के बारे में कहा जा रहा है कि वो किसी मरीज का परिजन है और मौके पर खड़ा था। इस घटना में उसका पर डैमेज हुआ है। दोनों व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गई है।






