DARBHANGA/PURNEA: लोक आस्था का महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है, छठ व्रतियों ने रविवार की शाम डूबते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया और परिवार की तरक्की की कामना की। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी दरभंगा के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को महापर्व छठ की बधाई और शुभकामनाएं दी। वही छठ पूजा को लेकर पूर्णिया में पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने खुद सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है।
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर दरभंगा में उत्साह और उल्लास का माहौल है। इसी कड़ी में बिहार BJP के प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी ने विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर तैयारियों और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि छठ महापर्व पूरे देश में हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। देश के कोने-कोने में छठ की छटा देखने को मिल रही है। रेलवे स्टेशन से लेकर एयरपोर्ट तक छठ के गीत गूंज रहे हैं। लोगों में इस महापर्व को लेकर अपार आस्था और उत्साह है।
महापर्व के दौरान जिले के विभिन्न छठ घाटों पर भारी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे, इसके लिए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन स्वयं विभिन्न घाटों का निरीक्षण करते नजर आए। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी पूरी तरह सतर्क रहें।
पूर्णिया जिले के प्रमुख छठ घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण से लेकर यातायात व्यवस्था तक पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और महिलाओं, बच्चों तथा बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिले के सबसे बड़े और प्रमुख छठ घाटों में शामिल सौरा नदी स्थित सिटी काली मंदिर तट पर लाखों की संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी बीच एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन खुद इस क्षेत्र में पैदल घूमते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। उन्होंने घाट पर मौजूद पुलिस अधिकारियों को लगातार सतर्क रहने और भीड़ की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।
छठ महापर्व के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने पहले से विशेष तैयारी की है। श्रद्धालुओं को किसी तरह की जाम या आवागमन की परेशानी न हो, इसके लिए रूट चार्ट तैयार कर लोगों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है। प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि वाहनों का आवागमन सुचारू बना रहे। एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के नेतृत्व में पूर्णिया पुलिस का यह विशेष अभियान यह संदेश दे रहा है कि लोक आस्था के इस महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एक ओर छठ व्रती अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्णिया पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में डटी हुई है। खुद एसएसपी का सड़क और छठ घाटों पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना पुलिस प्रशासन की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।





