BETTIAH: लोक आस्था का महापर्व छठ का आज तीसरा दिन है, छठव्रति जब डूबते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य दे रही थी, तभी बेतिया के लालसरैया चौक के पास एनएच-727 पर बड़ा हादसा हो गया। बेलगाम स्कॉर्पियों ने एक साथ 7 लोगों को रौंद दिया। जिसमें दो की मौत हो गयी है। एक की मौके पर मौत हो गयी जबकि दूसरे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है, फिलहाल पुलिस आगे कार्रवाई में जुटी है।
पश्चिम चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के लालसरैया चौक के समीप एनएच-727 पर रविवार की देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने सात लोगों को रौंद दिया। सूर्यषष्ठी महापर्व के दिन हुए इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की मौत इलाज के दौरान हो गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो लालसरैया चौक के पास पहुंची। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में लेते हुए रौंद दिया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में 48 वर्षीय अशोक चौधरी, 41 वर्षीय लचिना चौधरी, 12 वर्षीय आराध्या कुमारी और सात वर्षीय अनमोल चौधरी शामिल हैं। ये सभी लालसरैया के निवासी बताए गए हैं। वहीं, 60 वर्षीय विनोदचंद्र सिंह, 26 वर्षीय मोहम्मद ओसामा और सोनू आलम भी हादसे की चपेट में आए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए बेतिया स्थित जीएमसीएच भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही मझौलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। साथ ही चालक समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सूर्यषष्ठी के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे से लालसरैया चौक पर मातम और दहशत का माहौल है।
बेतिया से संतोष कुमार की रिपोर्ट





