NALANDA: बिहार के नालंदा जिले में मोबाइल फोन के बकाया पैसे को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की हत्या का मामला सामने आया है। नगरनौसा थाना क्षेत्र के भदरू बिगहा गांव में 60 वर्षीय दशरथ जमादार की उनके चचेरे भतीजे ने ईंट से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपित विक्रम कुमार फरार है।
मिली जानकारी के अनुसार, दशरथ जमादार और उनके चचेरे भतीजे विक्रम कुमार के बीच मोबाइल फोन के पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विक्रम मोबाइल फोन के बकाया पैसे मांग रहा था, जबकि दशरथ जमादार पैसे देने से इनकार कर रहे थे।
इसी विवाद को लेकर रविवार सुबह करीब 9 बजे दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। इसी दौरान दशरथ जमादार के सिर पर ईंट से चोट लग गई।
घायल बुजुर्ग को आनन-फानन में चंडी के तुलसीगढ़ स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार दोपहर करीब 2 बजे उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, सिर पर बाहर से गंभीर घाव नहीं दिख रहा था, लेकिन अंदरूनी चोट के कारण उनकी जान चली गई।
घटना के बाद आरोपित विक्रम कुमार घर छोड़कर फरार हो गया। नगरनौसा थानाध्यक्ष शशिरंजन कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।





