Negligence in the hospital : बिहार के जमुई से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां खैरा प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एक दर्दनाक खबर निकल कर सामने आ रही है। यहां अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने बड़ी लापरवाही करते हुए एक नवजात के शव को बाथरूम के पास रखे कूड़ेदान में फेंक दिया। जिसके बाद आवारा कुत्ते ने उसे नोच डाला।
दरअसल, खैरा प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक नवजात की मौत हो गई थी। इसके बाद नवजात के शव को ड्यूटी पर तैनात जीएनएम तथा स्वास्थ्य कर्मियों के द्वारा प्रसव कक्ष के सामने स्थित शौचालय के पास एक कार्टून में लावारिश अवस्था में छोड़ दिया गया। जिसे आवारा कुत्ते नोंच-नोंच कर खा गए। जिसके बाद प्रसूता के परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
बताया जाता है कि प्रसूता के परिजनों की इस घटना की जानकारी उस वक्त हुई जब एक महिला शौच करने जा रही थी तो उसने देखा कि शौचालय के गेट पर रखे एक कार्टून में कुत्ते कुछ हरकत कर रहे हैं। इसके बाद इस महिला ने पास जाकर देखा तो पाया कि एक नवजात के शव को यह कुत्तें नोंच-नोंच कर खा रहे हैं। इसके उसने इसकी सुचना परिजनों को दी तो वह लोग हंगामा करने लगे।
इधर, इस बाबत जमुई सदर डीएस डॉक्टर नौशाद अहमद से बात की गई तो उन्होंने इसकी जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से ही उन्हें यह जानकारी मिली है। इस घटना की जांच की जाएगी और जो भी दोषी होंगे उनपर कड़ी कारवाई करेंगे। बहरहाल इस कृत्य से अस्पताल प्रशासन की असंवेदनशीलता प्रकट होती है। मामले में क्या कारवाई की जाती है यह देखना दिलचस्प होगा।






