PATNA: बिहार के नालंदा जिले में कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दौलतपुर के प्रभारी हेडमास्टर सुधीर प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, इसी विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजीव रंजन कुमार के खिलाफ भी अनुशासनिक कार्रवाई की तैयारी है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने यह कार्रवाई की है।
मामला रहुई प्रखंड स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दौलतपुर का है। बीते 7 अक्टूबर को विद्यालय के शारीरिक शिक्षक राजीव रंजन कुमार कक्षा में सोते हुए पाए गए थे। मामला सामने आने के बाद शिक्षा मंत्री ने जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।
स्पष्टीकरण नहीं देने पर हुई कार्रवाई
मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) ने दोनों शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा था। निर्धारित समय सीमा के भीतर जवाब नहीं देने पर आरोपों को प्रथम दृष्टया प्रमाणित मानते हुए प्रभारी हेडमास्टर सुधीर प्रसाद को निलंबित कर दिया गया।
वहीं, शारीरिक शिक्षक राजीव रंजन कुमार के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई के लिए रहुई के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) को निर्देश दिया गया है। प्रभारी हेडमास्टर पर अलग से आरोप तय कर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में शिक्षकों की जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य में लापरवाही के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





