Bihar News: मुजफ्फरपुर के तुर्की थाना क्षेत्र अंतर्गत साजन हरिशंकर पश्चिमी पंचायत में मंगलवार को पैर फिसलने से दो महिलाएं नहर में जा गिरीं। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दोनों महिलाएं अपने मवेशियों के चारे के साथ नहर के रास्ते अपने घर जा रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों नहर में गिर गईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक महिला को बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरी महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान छाजन हरिशंकर पूर्वी गांव निवासी कौशल्या देवी, पति नंदा मांझी के रूप में हुई है। बताया गया है कि मृतका के पांच बच्चे हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर तुर्की थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
स्थानीय मुखिया सुमंगल साहनी ने बताया कि दोनों महिलाएं मवेशियों का चारा लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान नहर में गिरने से हादसा हुआ, जिसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी को बचाकर निजी नर्सिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी सीओ को दे दी गई है और मृतका के परिजनों को जल्द मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया गया है।
रिपोर्ट- राजन कुमार, मुजफ्फरपुर





