Bihar Crime News: मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित बाजार समिति के मुख्य गेट पर बुधवार सुबह एक ठेले पर अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदारों की नजर ठेले पर पड़े व्यक्ति पर गई. शुरुआत में लोगों को लगा कि वह सो रहा है, लेकिन पास जाकर देखने पर उसके मृत होने का पता चला. इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
मृतक की उम्र करीब 50 वर्ष बताई जा रही है. फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है. शव मिलने की खबर फैलते ही बाजार समिति के मुख्य गेट पर लोगों की भीड़ जुट गई. आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं.
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने ठेले और आसपास के इलाके से जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) भेज दिया.
अहियापुर थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि व्यक्ति ठेले तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई.
पुलिस के लिए फिलहाल मृतक की पहचान करना भी चुनौती बना हुआ है. इसके लिए आसपास के सभी थानों को मृतक की तस्वीर भेजी गई है, ताकि उसकी पहचान की जा सके. स्थानीय लोगों से पूछताछ के दौरान शुरुआती तौर पर ठंड लगने या हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.





