MUZAFFARPUR: मुजफ्फरपुर जिले के पानापुर करियात थाना क्षेत्र में हार्डवेयर कारोबारी एवं प्रॉपर्टी डीलर मुन्ना ठाकुर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात को उनके पड़ोसी सुबोध तिवारी ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे जमीन विवाद की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि गोली मारने के बाद आरोपी हथियार के साथ पास के लीची बागान में छिप गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर तैनात है। आरोपी की तलाश के लिए ड्रोन कैमरे की मदद से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है।
सर्च ऑपरेशन में शामिल पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट पहनकर अभियान चला रहे हैं। पुलिस किसी भी संभावित हमले से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार को शेरूकाही चौक स्थित दुकान में घुसकर मुन्ना ठाकुर को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल कारोबारी का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल व्यवसायी की पहचान मुन्ना ठाकुर के रूप में हुई है, जो शेरूकाही चौक पर अपनी हार्डवेयर की दुकान चलाते हैं। घटना के वक्त मुन्ना अपने पिता महेश ठाकुर के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने दुकान के भीतर प्रवेश किया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों की एक गोली सीधे मुन्ना को लगी, जिसके बाद वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल व्यवसायी मुन्ना को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत मुजफ्फरपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनकी जान बचाने में जुटी है। घायल के पिता और सेवानिवृत्त शिक्षक महेश ठाकुर ने बताया कि इस खूनी खेल के पीछे एक स्थानीय शराब कारोबारी का हाथ है। उन्होंने सीधे तौर पर शराब माफिया पर गोली मारने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि गोलीबारी की घटना हुई है और पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। घटना को अंजाम देने के बाद शराब तस्कर और घटना का आरोपी लीची के बागान में जाकर छीप गया है, जिसकी खोजबीन में पुलिस की टीम लगी हुई है।





