Bihar News: मुजफ्फरपुर जिले के पारू प्रखंड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शॉर्ट सर्किट की वजह से एक घर में भीषण आग लग गई। यह पूरी घटना पारू प्रखंड के अंतर्गत आने वाली कटारू पंचायत के कुंवारी गांव (वार्ड संख्या 9) की है। इस भयानक अग्निकांड के बाद पूरे इलाके में अचानक अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के वक्त कुंवारी गांव के वार्ड संख्या 9 में स्थित स्वर्गीय रामबालक राम की पत्नी कमली देवी के घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से चिंगारी भड़की। शॉर्ट सर्किट की वजह से निकली इस चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे पक्के-कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पीड़ित परिवार को घर से बाहर भागने के अलावा कुछ सूझ नहीं सका।
इसी बीच, आग की भीषण लपटों के बीच घर के अंदर रखे दो घरेलू गैस सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार धमाका हुआ। सिलेंडरों के फटने से इतनी जोरदार आवाज हुई, जिससे पूरा आसपास का इलाका दहल उठा। धमाके की गूंज सुनकर गांव में भारी हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए अपने स्तर पर पानी डालकर आग बुझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि लोग इसे शांत करने में असफल रहे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पारू थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। अग्निशमन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
इस मामले के संबंध में पूछे जाने पर पारू के थानेदार प्रमोद कुमार पांडेय ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग की टीम द्वारा आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया है। इस हादसे में किसी के हताहत होने या जान-माल की बड़ी नुकसान की खबर नहीं है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, घटना में कुल दो घर प्रभावित हुए हैं और ग्रामीणों के मुताबिक घर में रखा दो सिलेंडर भी ब्लास्ट हुआ था। फिलहाल मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।





