Bihar Road Accident: रोहतास के सासाराम में मंगलवार दोपहर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा दरिगांव थाना क्षेत्र में ताराचंडी के पास काजल होटल के समीप हुआ. बाइक और टोटो की टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के चुंचुड़ा थाना क्षेत्र के साको मोड़ निवासी अमरदास के 40 वर्षीय पुत्र मंटू दास के रूप में हुई है. वहीं, घायल की पहचान बैंडेल निवासी दीपक राय चौधरी के 46 वर्षीय पुत्र देवदूलन राय चौधरी के रूप में की गई है.
जानकारी के अनुसार, दोनों व्यक्ति बाइक से प्रेमनगर की ओर से अपने घर जा रहे थे. इसी दौरान ताराचंडी के पास काजल होटल के समीप उनकी बाइक की टोटो से टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मंटू दास को मृत घोषित कर दिया. वहीं, देवदूलन राय चौधरी का इलाज जारी है.
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे में शामिल टोटो और बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.
सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया. वहीं, घायल व्यक्ति के इलाज के लिए परिजन अस्पताल पहुंचे. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.





