Bihar News: रक्षाबंधन के त्योहार से पहले मुजफ्फरपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जिला प्रशासन के निर्देश पर एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव के नेतृत्व में टीम ने शहर के आधा दर्जन से अधिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की. इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर, खराब खोआ, फफूंदी लगे पेड़े और दूषित मिठाइयां बरामद की गईं.
मोतीझील स्थित पीएन रॉय गली में छापेमारी के दौरान टीम को भवानी खोआ भंडार में कई अनियमितताएं मिलीं. दुकान के अंदर गंदगी के बीच फर्श पर खोआ रखा हुआ था. वहीं डिब्बों में रखे पेड़ों पर फफूंदी लगी मिली, जबकि पनीर से भी बदबू आ रही थी.
इसके बाद टीम ने पास स्थित गोविंद खोआ भंडार में भी जांच की. यहां भी खराब पेड़े, पनीर और मिठाइयां मिलीं. अधिकारियों ने जब दुकानदार से खराब खाद्य सामग्री के बारे में जानकारी ली तो उसने बताया कि यह सामान खराब हो चुका है और त्योहार के बाद इसे फेंकने की तैयारी थी.
105 किलो संदिग्ध पनीर जब्त
एसडीएम पूर्वी आनंद उत्सव ने बताया कि त्योहारों के दौरान लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. पीएन रॉय गली स्थित दुकानों से करीब 105 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया है. इसके अलावा बड़ी मात्रा में खराब मिठाइयां और खोआ भी बरामद किया गया है.
अधिकारियों के अनुसार जब्त खाद्य सामग्री को नियमानुसार नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. वहीं संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
त्योहार को लेकर लगातार होगी जांच
रक्षाबंधन के दौरान मिठाई और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ जाती है. इसी को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शहर के अलग-अलग इलाकों में खाद्य पदार्थों की जांच कर रही है. अधिकारियों ने साफ किया है कि मिलावट या खराब खाद्य सामग्री की बिक्री पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.





