MUZAFFARPUR: बिहार के मुजफ्फरपुर में महिला से फोन पर आपत्तिजनक बातचीत करने और मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप में एक दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। अहियापुर थाने में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक सह अनुसंधानकर्ता ललन कुमार पर लगे आरोपों की जांच के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) ने यह कार्रवाई की है।
यह मामला कांड संख्या 1416/26 से जुड़ा है। इस मामले की वादिनी महिला ने अनुसंधानकर्ता ललन कुमार पर फोन के माध्यम से अनुचित और अमर्यादित बातचीत करने के साथ ही मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। महिला की शिकायत अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर-02 के माध्यम से वरीय पुलिस अधिकारियों तक पहुंची।
शिकायत मिलने के बाद मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई गई। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों का सत्यापन किया गया। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में पद के दुरुपयोग और संदिग्ध एवं अशोभनीय आचरण से जुड़े तथ्य सामने आए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SSP ने ललन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। 24 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उन्हें सामान्य जीवनयापन भत्ता पर निलंबित किया गया है। पुलिस विभाग ने कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता और पुलिस की छवि धूमिल करने से जुड़े आरोपों को गंभीरता से लिया है।
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। विभाग की ओर से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि पुलिसकर्मियों के आचरण में अनियमितता या पद के दुरुपयोग से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा।
मुजफ्फरपुर से राजन कुमार की रिपोर्ट





