Bihar News: मुजफ्फरपुर-दरभंगा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बखरी चौक के समीप मुख्य सड़क पर दौड़ रहे एक सीएनजी (CNG) लदे ट्रक में अचानक ऊपर से भीषण गैस रिसाव शुरू हो गया। गैस लीक होने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने तुरंत हाईवे पर दोनों तरफ से वाहनों का परिचालन पूरी तरह रोक दिया, जिसके कारण सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। घटना के संबंध में ट्रक चालक रविंद्र और सुरेश ने बताया कि वह ट्रक लेकर जा रहा था, तभी अचानक बखरी चौक के पास गाड़ी से एक बेहद तेज आवाज आने लगी। आवाज सुनकर उसे आभास हुआ कि गैस का भारी रिसाव हो रहा है।
खतरे को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाई और ट्रक को तुरंत बीच सड़क पर ही रोक दिया। इसके बाद चालक और खलासी जान बचाने के लिए गाड़ी से नीचे कूदे और सुरक्षित दूरी पर भाग खड़े हुए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी। गैस रिसाव इतना तेज था कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां दलबल के साथ मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर पुलिस ने बखरी चौक के आसपास आम लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या आगजनी को रोका जा सके।
दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचते ही स्थिति को संभालने के लिए मोर्चा लिया। ट्रक पर लगातार पानी की बौछारें की गईं ताकि गैस का घनत्व कम किया जा सके और किसी भी संभावित विस्फोट को टाला जा सके। सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों की मदद से ट्रक को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और रिसाव को पूरी तरह बंद करने की कार्रवाई शुरू की गई।इस पूरे घटनाक्रम के कारण मुजफ्फरपुर-दरभंगा हाईवे पर यातायात थोड़ी देर के लिए पूरी तरह चरमरा गया।
चिलचिलाती धूप और गर्मी के बीच राहगीरों, बसों में सवार यात्रियों और मालवाहक ट्रकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे।मामले में पूछे जाने पर टाउन एसडीपीओ-2 (SDPO Town-2) विनीता सिन्हा ने बताया कि बखरी चौक के समीप दरभंगा-मुजफ्फरपुर हाईवे पर एक ट्रक से सीएनजी लीक होने की सूचना प्राप्त हुई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम को तुरंत एक्टिव किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्परता से स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया है। रिसाव वाले ट्रक को हाईवे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा है और जल्द ही यातायात को पूरी तरह सामान्य कर दिया जाएगा। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।




