MUNGER: मुंगेर के मुबारकचक स्थित उर्दू मध्य विद्यालय में रविवार को लंच ब्रेक के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सातवीं कक्षा में पढ़ने वाला 12 वर्षीय छात्र स्कूल की छत से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आनन-फानन में मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घायल छात्र की पहचान मुबारकचक निवासी मोहम्मद फहीम के पुत्र मोहम्मद आहिल राजा के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार को विद्यालय खुला हुआ था। लंच ब्रेक के दौरान आहिल अन्य बच्चों के साथ स्कूल की छत पर चला गया। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे जमीन पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल के प्रभारी और शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए घायल छात्र को मुंगेर सदर अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे।
परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छत पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और रेलिंग भी नहीं लगी थी। छात्र के पिता मोहम्मद फहीम ने बताया कि उनके बेटे के सिर में गंभीर चोट आई है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
वहीं, विद्यालय प्रभारी मो. फैजी अली ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
इस हादसे के बाद स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सवाल है कि विद्यालय की छत पर बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए गए थे? हालांकि, हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित पक्षों की ओर से विस्तृत जांच की जानकारी सामने नहीं आई है।





