MUNGER: मुंगेर में रिंग रोड और मरीन ड्राइव परियोजना को लेकर टोपो लैंड के भू-स्वामियों ने मुआवजे की मांग तेज कर दी है। जमीन अधिग्रहण के बदले वास्तविक मालिकों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर किसानों और भू-स्वामियों ने एकजुट होकर आवाज उठाई है। उनका कहना है कि वे विकास परियोजनाओं के विरोधी नहीं हैं, लेकिन अपनी जमीन के बदले उन्हें उनका वाजिब हक मिलना चाहिए।
दरअसल, श्रीकृष्ण सेतु के पिलर संख्या चार के समीप टोपो लैंड संघर्ष समिति की ओर से एक आमसभा आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मोहली पंचायत के पूर्व मुखिया बांके सिंह ने की। सभा में एनएच-333बी से योगाश्रम तक प्रस्तावित रिंग रोड और मुंगेर-सुल्तानगंज मरीन ड्राइव परियोजना पर चर्चा हुई।
इस दौरान भू-स्वामियों ने इन दोनों परियोजनाओं को शहर के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया और बिहार सरकार, जनप्रतिनिधियों तथा जिला प्रशासन को बधाई दी। हालांकि, उन्होंने जमीन अधिग्रहण के बदले वास्तविक भू-स्वामियों को उचित मुआवजा देने की मांग भी उठाई।
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का दिया हवाला
आमसभा में भू-स्वामियों ने दावा किया कि एनएच-333बी के निर्माण के दौरान टोपो लैंड के मालिकों को एक्स-ग्रेशिया यानी अनुदान राशि दी गई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि टोपो लैंड को सरकारी भूमि घोषित करने से संबंधित पूर्व के फैसले को उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने निरस्त कर दिया था। भू-स्वामियों ने इन्हीं आधारों पर रिंग रोड और मरीन ड्राइव परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन का मुआवजा वास्तविक स्वामित्व के आधार पर देने की मांग की।
जिला प्रशासन से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
आमसभा में विस्थापित परिवारों के हितों की रक्षा के लिए एक मजबूत प्रतिनिधिमंडल गठित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। यह प्रतिनिधिमंडल जिला प्रशासन से मुलाकात कर भू-स्वामियों की मांगों को रखेगा। साथ ही, मांगों पर उचित पहल नहीं होने की स्थिति में दोबारा आमसभा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
भू-स्वामियों ने साफ कहा कि वे मुंगेर के विकास में बाधा नहीं बनना चाहते, लेकिन विकास के नाम पर जमीन के वास्तविक मालिकों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और सरकार उनकी मांगों पर क्या पहल करती है।
मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट





