मुंगेर: गंगा के बढ़ते जलस्तर का असर एक बार फिर मुंगेर के प्रसिद्ध मां चंडिका स्थान मंदिर पर पड़ा है। मंदिर परिसर में दोबारा बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। करीब 4 से 5 फीट पानी जमा होने के कारण श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ गई है। पानी गर्भगृह के मुहाने तक पहुंच गया है, जिससे श्रद्धालु मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं और बाहर से ही मां चंडिका की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
देश के 52 शक्तिपीठों में शामिल मुंगेर का प्रसिद्ध मां चंडिका स्थान मंदिर गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद एक बार फिर जलमग्न हो गया है। मंदिर परिसर में पानी भरने से पूजा-पाठ और श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है।
दोबारा मंदिर परिसर में घुसा गंगा का पानी
चंडिका स्थान के प्रधान पुजारी नंदन बाबा के मुताबिक, कुछ दिन पहले गंगा का पानी मंदिर परिसर से पूरी तरह निकल गया था। इसके बाद स्थिति सामान्य होने लगी थी। लेकिन मंगलवार की रात से गंगा का पानी दोबारा मंदिर परिसर में प्रवेश करने लगा।
इसके बाद मंदिर परिसर में करीब चार से पांच फीट तक पानी जमा हो गया है। पानी लगातार बढ़ने से मंदिर के गर्भगृह के मुहाने तक पहुंच गया है।
बाहर से ही मां चंडिका की पूजा कर रहे श्रद्धालु
मंदिर परिसर में पानी जमा होने के कारण श्रद्धालुओं को गर्भगृह तक पहुंचने में परेशानी हो रही है। कई श्रद्धालु मंदिर के अंदर प्रवेश नहीं कर पा रहे हैं और बाहर से ही मां चंडिका की पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
प्रधान पुजारी नंदन बाबा ने बताया कि मंदिर परिसर से पानी पूरी तरह निकलने के बाद ही यहां विधिवत रूप से पूजा-पाठ दोबारा शुरू हो सकेगा। फिलहाल गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण मंदिर परिसर में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।








