Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले से प्रेम प्रसंग का एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक युवक अपनी होने वाली दुल्हन से मिलने रात के अंधेरे में पहुंचा, लेकिन मुलाकात के दौरान पुलिस की नजर दोनों पर पड़ गई. मामला थाने तक पहुंचा, लेकिन यहां से कहानी ने ऐसा मोड़ लिया कि कुछ ही घंटों में दोनों की शादी करा दी गई. अब यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
मामला असरगंज थाना क्षेत्र के दुल्हर गांव का है. बताया जा रहा है कि दुल्हर गांव निवासी जयप्रकाश यादव की पुत्री पूजा कुमारी की शादी बांका जिले के भड़को गांव निवासी लालमणि यादव के पुत्र के साथ तय हुई थी. दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटे थे और जल्द ही विवाह की रस्में पूरी होनी थीं.
इसी बीच बुधवार देर रात युवक अपनी होने वाली पत्नी पूजा से मिलने के लिए उसके गांव पहुंच गया. रात के समय युवक और युवती को साथ देखकर कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी. सूचना मिलने के बाद गश्ती पर निकली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए असरगंज थाना ले आई.
थाने पहुंचने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली. जैसे ही इस घटना की खबर दोनों परिवारों तक पहुंची, परिजन, ग्रामीण और स्थानीय लोग भी थाना पहुंच गए. काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों परिवारों ने मामले को विवाद का रूप देने के बजाय रिश्ते को आगे बढ़ाने का फैसला किया.
परिजनों की सहमति के बाद थाना परिसर के सामने स्थित काली मंदिर में ही शादी कराने का निर्णय लिया गया. इसके बाद मंदिर में पूरे विधि-विधान और वैवाहिक रस्मों के साथ दोनों की शादी संपन्न कराई गई.
इस दौरान दोनों परिवारों के लोग, ग्रामीण और पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे. शादी के बाद युवक अपनी नवविवाहिता पत्नी को साथ लेकर अपने घर रवाना हो गया.
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. लोग कह रहे हैं कि जहां अक्सर प्रेम संबंधों के मामले विवाद और तनाव का कारण बन जाते हैं, वहीं इस मामले में परिवारों की समझदारी और सहमति से रिश्ते को नई मंजिल मिल गई.
असरगंज थाना क्षेत्र में हुई यह अनोखी शादी अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.


