PATNA: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत मोकामा के वार्ड नंबर-2 स्थित गुरुदेव टोला में सर्पदंश का मामला सामने आया है। यहां खेलने के दौरान 4 वर्षीय शिवांश को सांप ने काट लिया। घटना के बाद बच्चे ने परिजनों को इसकी जानकारी दी।
परिजनों ने जब आसपास देखा तो घर के एक कोने में सांप छिपा हुआ मिला। इसके बाद बच्चे को इलाज के लिए मोकामा ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने की बात कहकर उसे अनुमंडल अस्पताल बाढ़ रेफर कर दिया गया।
बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने बच्चे का इलाज शुरू किया और उसे एंटी-वेनम दिया गया। फिलहाल बच्चे की स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है।
इधर, घटना की सूचना वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सांप की तलाश शुरू की। टीम ने सांप को पकड़ लिया, जिसकी पहचान रसल वाइपर के रूप में की गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोकामा इलाके में रसल वाइपर के सर्पदंश के पहले भी कई मामले सामने आ चुके हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में सांप को लेकर डर का माहौल बना हुआ है।





