ब्रेकिंग
भ्रष्ट परिवहन दारोगा की खुल गई पोल, नोएडा से लेकर दिल्ली तक में फ्लैट-ज़मीन, EOU की रेड में और क्या मिला.✦बिहार के पूर्व मंत्री ने चिराग पासवान पर कसा तंज, कहा- ‘गुड़ खाए गुलगुल्ला से परहेज’ वाली है इनकी हालत✦Meerut Blue Drum Case: नीले ड्रम केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, मुस्कान और साहिल दोषी करार✦सम्राट कैबिनेट के 30 बड़े फैसले: बिहार में घटेगा फ्लाइट का किराया! ग्रीन हाइड्रोजन नीति को मिली मंजूरी✦चारा लेकर लौट रही 4 महिलाएं नहर में डूबीं, मां-बेटी समेत 3 की मौत; एक की हालत गंभीर✦भ्रष्ट परिवहन दारोगा की खुल गई पोल, नोएडा से लेकर दिल्ली तक में फ्लैट-ज़मीन, EOU की रेड में और क्या मिला.✦बिहार के पूर्व मंत्री ने चिराग पासवान पर कसा तंज, कहा- ‘गुड़ खाए गुलगुल्ला से परहेज’ वाली है इनकी हालत✦Meerut Blue Drum Case: नीले ड्रम केस में कोर्ट का बड़ा फैसला, मुस्कान और साहिल दोषी करार✦सम्राट कैबिनेट के 30 बड़े फैसले: बिहार में घटेगा फ्लाइट का किराया! ग्रीन हाइड्रोजन नीति को मिली मंजूरी✦चारा लेकर लौट रही 4 महिलाएं नहर में डूबीं, मां-बेटी समेत 3 की मौत; एक की हालत गंभीर

भ्रष्ट परिवहन दारोगा की खुल गई पोल, नोएडा से लेकर दिल्ली तक में फ्लैट-ज़मीन, EOU की रेड में और क्या मिला.

बिहार EOU ने आय से अधिक संपत्ति मामले में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के पटना और आरा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की। EOU के अनुसार 1.49 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है।

बिहार न्यूज
आय से अधिक संपत्ति का मामला
© सोशल मीडिया
Jitendra Vidyarthi
4 मिनट

पटना/आरा: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई की है। EOU ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी अधिपत्र प्राप्त करने के बाद उनके पटना और आरा स्थित दो ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में की गई यह कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।


EOU के अनुसार, अमित कुमार गुप्ता वर्तमान में कैमूर जिले के मोहनिया चेक पोस्ट पर प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। विश्वसनीय सूचना के सत्यापन के दौरान प्रथम दृष्टया उनकी ज्ञात वैध आय से 1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500 रुपये अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। यह राशि उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 148.10 प्रतिशत अधिक बताई गई है।


इस मामले में आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 26/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।


तलाशी में कैश और संपत्ति के दस्तावेज बरामद

EOU के मुताबिक, 30 सितंबर को भोजपुर जिले के अवधपुरी, चंदवा मोड़ के पास स्थित अमित कुमार गुप्ता के निजी आवास की तलाशी के दौरान 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा एक इलेक्ट्रिक कार (TATA Tiago) और विभिन्न जिलों में जमीन की खरीद से जुड़े दस्तावेज मिले हैं।


जांच एजेंसी के अनुसार, आरा, पटना और छपरा में अमित कुमार गुप्ता एवं उनके परिजनों के नाम पर 11 भू-खंड खरीदे जाने से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। अवधपुरी में G+3 मकान के अलावा आरा में करीब 5.1 डिसमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान और पटना के साई वरदान सिटी में एक फ्लैट की जानकारी भी तलाशी के दौरान सामने आई है।


इसके अलावा नोएडा की इम्पेरिया इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड और नई दिल्ली की ऐरविल बिजनेस पार्क प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित फ्लैट/जमीन में निवेश के दस्तावेज भी मिलने की बात EOU ने कही है।


15 बैंक खातों की जानकारी, लॉकर की तलाशी बाकी

तलाशी के दौरान विभिन्न बैंकों में कुल 15 खातों से संबंधित पासबुक और चेकबुक की प्रतियां बरामद होने की जानकारी दी गई है। इनमें मौजूद लाखों रुपये की राशि को फ्रिज कराने की कार्रवाई की गई है। इसके अलावा एक बैंक लॉकर का भी पता चला है, जिसकी तलाशी अभी बाकी है।


EOU के अनुसार, विभिन्न शेयर और म्यूचुअल फंड में 30 लाख रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। भारतीय जीवन बीमा निगम से संबंधित सात दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनमें करीब 10 लाख रुपये से अधिक के निवेश की जानकारी बताई गई है। आभूषणों की खरीद से संबंधित कई रसीदें भी बरामद की गई हैं।


बच्चों की पढ़ाई पर खर्च की भी जांच

जांच एजेंसी ने बताया कि अमित कुमार गुप्ता द्वारा अपने दोनों बच्चों की शिक्षा पर खर्च की गई राशि से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। उनका एक पुत्र दार्जिलिंग जिले के एक आवासीय विद्यालय में पढ़ता है, जबकि उनकी पुत्री कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही है।


EOU ने कहा है कि तलाशी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और निवेश से संबंधित अभिलेखों का आगे के अनुसंधान में विश्लेषण किया जाएगा। एजेंसी के मुताबिक, अब तक की तलाशी के आधार पर आय से अधिक संपत्ति की राशि में और वृद्धि होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।


अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ दर्ज मामले और लोक सेवक के रूप में कर्तव्य से संबंधित कार्रवाई की जानकारी उनके मूल विभाग, परिवहन विभाग, बिहार, पटना को भी दी जा रही है।