PATNA: बिहार विधानसभा की बांकीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की बड़ी जीत हुई है। भाजपा का गढ़ कहे जाने वाले इस सीट पर प्रशांत किशोर ने भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 19324 वोटों के अंतर से हराया है। पीके को कुल 64151 वोट मिले हैं, जबकि नीरज कुमार को 44827 वोट मिले हैं। मुख्य विपक्षी पार्टी राजद की उम्मीदवार रेखा गुप्ता इस उपचुनाव में तीसरे स्थान पर रही हैं। उन्हें 14273 वोट मिले हैं। प्रशांत किशोर की इस जीत पर लालू की बेटी मीसा भारती ने हमला बोलते हुए कहा है कि जनता को सच्चाई पता ही नहीं है। उन्हें नहीं मालूम की बीजेपी के असली प्रत्याशी प्रशांत किशोर ही हैं। बांकीपुर की जनता को यह बात समझने में समय लगेगा।
बता दें कि जिस बांकीपुर सीट पर 35 साल से बीजेपी का कब्जा था। प्रशांत किशोर की इस जीत के साथ ही भाजपा के हाथ से बांकीपुर सीट निकल गया। पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन यहां से 51,936 वोटों से जीते थे, जबकि दूसरे नंबर पर राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता रही थीं। प्रशांत किशोर की करारी जीत के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी और राज्यसभा सांसद मीसा भारती का बड़ा बयान सामने आया है।
मीसा भारती ने जन सुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को भाजपा का प्रत्याशी बताते हुए कहा कि “कहा जाए तो ये भाजपा के प्रत्याशी की हार है लेकिन प्रशांत किशोर यदि वहां जीत रहे हैं तो ये भाजपा की ही जीत है। वहां पर प्रत्याशी बदले गए, क्या कारण रहा कि प्रत्याशी बदले गए?... जनता को प्रशांत किशोर ने बहुत सारे वादे किए हैं जो कि असंभव है। किसी भी पार्टी के सांसद हों, विधायक हों, उसके लिए ये सब कर पाना बहुत मुश्किल है।
मीसा भारती ने आगे कहा कि बांकीपुर विधानसभा भाजपा का गढ़ है, जहां पिछले 35-40 सालों से कोई काम नहीं हुआ है। उसमें वे कह रहे हैं कि बच्चों को पटना के प्राइवेट स्कूल में भर्ती करवा देंगे, सरकारी स्कूलों में जाने की आवश्यकता नहीं है। जनता को सच्चाई पता नहीं है कि प्रशांत किशोर ही भाजपा के असली प्रत्याशी हैं। जनता को ये बात समझने में समय लगेगा लेकिन जब वे जीत जाएंगे तो ये देखने को मिलेगा। मीसा भारती ने आगे कहा कि पीके बीजेपी की लोमड़ी हैं क्योंकि भाजपा कह रही थी कि कुत्ता बिल्ली को लड़ा देंगे तो जीत जाएगा। इसलिए वो बीजेपी की लोमड़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार की जनता, युवाओं और बच्चों को धोखा दिया जा रहा है।
बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव में आरजेडी की रेखा गुप्ता को 14273 वोट मिले हैं। रेखा गुप्ता 49878 वोट से हार गई। चौथे स्थान प्रगतिशील जनता पार्टी के मनोरंजन कुमार श्रीवास्तव रहे, जिन्हें 973 वोट मिले। वही पूर्व केन्द्रीय मंत्री पशुपति पारस की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी पांचवें नंबर पर हैं। उनकी पार्टी के उम्मीदवार तनवीर आलम 864 वोट हासिल कर पांचवे स्थान पर रहे हैं। उनके बाद छठे नंबर पर भारतीय आम आवाम पार्टी के प्रदीप कुमार रहे जिन्हें 781 वोट मिले। बांकीपुर उपचुनाव में सबसे कम वोट निर्दलीय प्रत्याशी ब्रजेश पटेल को 70 वोट मिले। बांकीपुर की 645 जनता ने नोटा का बटन दबा दिया।





