Bihar Crime News: मधुबनी जिले के अंधराठाढ़ी थाना क्षेत्र में आर्केस्ट्रा के दौरान मनपसंद गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने बाजा ऑपरेटर को गोली मार दी. गोली लगने से ऑपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया है. उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.
घटना पस्टन गांव की है, जहां बीती रात शिव कार्तिक पूजा के अवसर पर आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. इसी दौरान रात करीब डेढ़ बजे एक युवक ने बाजा ऑपरेटर शिवम साव से अपनी पसंद का गाना बजाने को कहा. बताया जा रहा है कि ऑपरेटर ने मनपसंद गाना बजाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
आरोप है कि गाना बजाने से इनकार करने पर गुस्साए युवक ने शिवम साव को गोली मार दी. गोली उनके गले में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े. घटना के बाद आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई. पुलिस गोली चलाने वाले युवक की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है. वहीं, पूजा के दौरान आर्केस्ट्रा में हुए इस गोलीकांड के बाद पस्टन गांव के लोगों में दहशत का माहौल है.





