MADHUBANI: बिहार के मधुबनी में बेल्ट्रॉन कर्मियों ने राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। बिहार राज्य डाटा इंट्री ऑपरेटर संयुक्त मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में विभिन्न सरकारी विभागों और पंचायत कार्यालयों में कार्यरत सैकड़ों कर्मी शामिल हुए।
प्रदर्शन कर रहे कर्मियों की प्रमुख मांगों में राज्यकर्मी का दर्जा देना और सूचना प्रावैधिकी विभाग को नोडल विभाग घोषित करना शामिल है। कर्मियों का कहना है कि वे पिछले करीब तीन दशकों से सरकारी कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अब तक स्थायी सेवा सुरक्षा और सरकारी कर्मचारियों के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल पाई हैं।
इस दौरान जिला अध्यक्ष नितिश कुमार झा ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द नीतिगत फैसला लेने की अपील की। वहीं, जिला सचिव निविन कुमार पाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कार्य बहिष्कार भी किया जाएगा।
प्रदर्शन के बाद कर्मियों ने जिला प्रशासन के माध्यम से राज्य सरकार को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने की पहल की। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से उनका संघर्ष जारी रहेगा।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट





