Bihar News: बिहार के मधुबनी जिले से शादी समारोह के दौरान मारपीट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है.जहां शादी की खुशियां अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गईं.खाना खाने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया और मुहर्रम खेलकर लौट रहे कुछ युवकों ने शादी समारोह में घुसकर जमकर हंगामा कर दिया.
घटना झंझारपुर अनुमंडल के लखनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत तमुरिया पंचायत के बौदराही गांव की बताई जा रही है.रविवार रात एक शादी समारोह में अचानक कुछ असामाजिक तत्वों के पहुंचने के बाद माहौल बिगड़ गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले खाना खाने को लेकर कुछ लोगों के बीच बहस हुई, जिसके बाद मामला बढ़ गया.
इसी दौरान मुहर्रम खेलकर वापस लौट रहे कुछ युवक शादी समारोह में पहुंच गए और देखते ही देखते पंडाल में हंगामा शुरू कर दिया.आरोप है कि युवकों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी.लाठी-डंडे और घूंसे चलने लगे, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई.
बताया जा रहा है कि अचानक हुए हमले से बाराती अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.कई लोग शादी स्थल छोड़कर पैदल ही सुरक्षित जगह की ओर निकल गए.कुछ बारातियों को कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने फोन कर गाड़ियां मंगवाई और किसी तरह घर पहुंचे.
हमलावरों ने शादी समारोह में तोड़फोड़ भी की.बारातियों को लेकर आई कई गाड़ियों के शीशे रोड़ेबाजी कर तोड़ दिए गए.इसके अलावा कुछ लोगों के मोबाइल फोन छीनने की बात भी सामने आई है.इस पूरी घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया.
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर थाना क्षेत्र के महरैल गांव निवासी मो. सलामत मंसूरी के बेटे की बारात बौदराही गांव आई थी.शादी की रस्में चल रही थीं, लेकिन अचानक हुए विवाद ने पूरे समारोह को तनावपूर्ण बना दिया.
घटना के बाद वधू पक्ष की ओर से पुलिस को शिकायत देने की बात कही गई है.वहीं मामले की जानकारी मिलते ही लखनौर थाना पुलिस सक्रिय हो गई.थानाध्यक्ष बेमिसाल कुमार ने बताया कि अभी तक पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गांव पहुंचकर जांच कर रही है.





