Bihar News: पर्यटन के क्षेत्र में मोतिहारी को नई पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ऐतिहासिक मोतीझील में करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से लाइट एंड साउंड शो का निर्माण होगा। गायत्री मंदिर के समीप आयोजित कार्यक्रम में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने परियोजना का शिलान्यास किया।
इस परियोजना के तहत करीब 22 मिनट का हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी मल्टीमीडिया शो प्रस्तुत किया जाएगा। पानी की स्क्रीन पर थ्री-डी प्रोजेक्शन, लेजर, डायनामिक फाउंटेन और अत्याधुनिक साउंड सिस्टम के जरिए चंपारण के इतिहास, संस्कृति और विरासत को जीवंत रूप में दिखाया जाएगा।
शो में रामायण, बौद्ध और गांधी सर्किट से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को भी आधुनिक तकनीक के जरिए पर्यटकों और नई पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी है। सांसद ने कहा कि यह परियोजना सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि चंपारण की विरासत को देश-दुनिया के सामने रखने का प्रयास है।
परियोजना के संचालन और रखरखाव के लिए पांच वर्षों का प्रावधान भी किया गया है। उम्मीद है कि लाइट एंड साउंड शो शुरू होने के बाद मोतीझील पर्यटन का नया केंद्र बनेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
रिपोर्ट- सोहराब आलम, मोतिहारी





