DESK: ऑयल टैंकर से पेट्रोल और डीजल निकलते तो आपने देखा होगा, लेकिन ऑयल टैंकर से गाय और बछड़े निकलते शायद ही कभी देखा होगा। यह हैरान करने वाला मामला ओडिशा के मयूरभंज जिले में सामने आया है, जहां तेज गति से जा रहे एक ऑयल टैंकर की चाल को देखकर लोगों को शक हुआ।
ग्रामीणों ने टैंकर का पीछा किया और पुलिस को इसकी सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस ने टैंकर को रोककर तलाशी ली तो अंदर का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। टैंकर में तेल की जगह 30 से ज्यादा मवेशी निकलने लगे।
तेज रफ्तार टैंकर देखकर हुआ शक
मामला बांगिरिपोशी इलाके का बताया जा रहा है। जहां एक बड़ा टैंकर बिशोई की ओर से कालाबड़िया की तरफ जा रहा था। टैंकर काफी तेज रफ्तार में था, और उसकी गति को देखकर स्थानीय लोगों को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। तो ग्रामीण टैंकर के पीछा करने लगे। इस बात की जानकारी उन्होंने पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने टैंकर को रोकने की कोशिश की। कुछ देर बाद टैंकर को पुनासिया रेलवे गोला ब्रिज के पास रोका गया।
तलाशी में सामने आया चौंकाने वाला सच
टैंकर रुकने के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान जो सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, टैंकर के अंदर 30 से ज्यादा मवेशियों को रखा गया था।
बाहर से यह वाहन ऑयल टैंकर जैसा दिखाई दे रहा था, लेकिन उसके अंदर पेट्रोल या किसी अन्य तेल की जगह मवेशियों को ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने टैंकर को जब्त कर लिया और उसके ड्राइवर व हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
कहां से लाए गए थे मवेशी, जांच जारी
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मवेशियों को इस तरह टैंकर में ले जाने के पीछे क्या उद्देश्य था और मामले में ड्राइवर-हेल्पर के अलावा कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले में स्थानीय लोगों की सतर्कता अहम रही। टैंकर की असामान्य रफ्तार देखकर ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। समय रहते टैंकर को रोककर तलाशी ली गई, जिसके बाद उसके अंदर मवेशियों को ले जाने का मामला सामने आया।





