कटिहार: कटिहार-बरौनी रेलखंड के कुरसेला रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। कटिहार से बरौनी की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शव दो टुकड़ों में बंट गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी कुरसेला रेलवे स्टेशन से होकर बरौनी की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक युवक अचानक मालगाड़ी के सामने आ गया और ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना रेलवे प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन ने जीआरपी को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस मृतक युवक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवक किन परिस्थितियों में मालगाड़ी की चपेट में आया।
फिलहाल घटना के बाद कुछ देर तक कुरसेला रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ जमा रही।





