Bihar Food Poisoning News: खगड़िया जिले में सत्यनारायण पूजा का प्रसाद खाने के बाद 100 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई. बीमार लोगों में बच्चों और महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है. पेट दर्द, उल्टी और सिर दर्द की शिकायत के बाद गांव में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. बीमार लोगों को पहले नाव के जरिए नदी पार कर अमनी लाया गया, जिसके बाद एंबुलेंस से सभी को सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में सभी का इलाज जारी है.
मामला मानसी थाना क्षेत्र के नदी पार स्थित हियादतपुर गांव का है. जानकारी के अनुसार सोमवार की देर शाम गांव में सुबोध चौधरी के घर सत्यनारायण भगवान की पूजा आयोजित की गई थी. पूजा के बाद बड़ी संख्या में लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. ग्रामीणों के अनुसार 100 से अधिक लोगों ने प्रसाद खाया था.
बताया जा रहा है कि प्रसाद खाने के कुछ समय बाद सबसे पहले सुबोध चौधरी के परिवार के कुछ लोगों की तबीयत खराब हुई. उन्हें पेट दर्द, उल्टी और सिर दर्द की शिकायत होने लगी. इसके बाद धीरे-धीरे गांव के दूसरे लोगों की भी तबीयत बिगड़ने लगी. एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने के बाद गांव में हड़कंप मच गया.
स्थिति बिगड़ने पर देर रात बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी शुरू की गई. चूंकि हियादतपुर गांव नदी के पार स्थित है, इसलिए मरीजों को सीधे सड़क मार्ग से अस्पताल ले जाना संभव नहीं था. ऐसे में बीमार लोगों को पहले नाव पर सवार कर नदी पार कराया गया.
ग्रामीणों के अनुसार बड़ी संख्या में बीमार लोगों को नाव के जरिए अमनी लाया गया. इसके बाद वहां से एंबुलेंस की मदद से सभी मरीजों को खगड़िया सदर अस्पताल पहुंचाया गया. देर रात एक साथ बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने से अस्पताल में भी अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की निगरानी में सभी मरीजों का इलाज शुरू किया गया. बीमार लोगों में बच्चों और महिलाओं की संख्या अधिक बताई जा रही है.
इलाज कर रहे चिकित्सक के अनुसार शुरुआती तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है. मरीजों में उल्टी, पेट दर्द और सिर दर्द जैसी शिकायतें सामने आई हैं. फिलहाल अधिकांश मरीजों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
हालांकि, सुबोध चौधरी के परिवार के कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका अस्पताल में इलाज जारी है. डॉक्टरों की टीम मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने के बाद प्रसाद को लेकर भी जांच की जरूरत सामने आई है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि प्रसाद में किस वजह से खराबी आई और उसे खाने के बाद इतने लोगों की तबीयत क्यों बिगड़ी. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है.
खगड़िया से अनिश कुमार की रिपोर्ट





