Bihar News: बिहार के कटिहार में प्रतिबंधित चीन मांगुर मछली की तस्करी का मामला सामने आया है। मत्स्य विभाग की टीम ने रौतारा टोल प्लाजा के पास कार्रवाई करते हुए चाइना मांगुर मछली से लदे दो मिनी ट्रकों को पकड़ा है। दोनों वाहनों से बरामद मछली की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान एक चालक के कथित बयान ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।
पकड़े गए दोनों मिनी ट्रकों के नंबर WB 51C 8442 और WB 65 C 4122 हैं। मत्स्य पदाधिकारी सनत कुमार के अनुसार, विभाग को सूचना मिलने के बाद रौतारा टोल प्लाजा के पास दोनों वाहनों को रोका गया। पूछताछ में चालकों ने बंगाल से प्रतिबंधित चाइना मांगुर मछली लेकर पूर्णिया मंडी जाने की बात बताई।
मत्स्य विभाग की टीम ने दोनों चालकों और एक सहयोगी को अपने कब्जे में लिया है। विभाग के मुताबिक बरामद मछली का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।
इधर, वाहन चालक अभिजीत मोहम्मद कलीम ने पूछताछ में दावा किया कि बंगाल से पूर्णिया तक रास्ते में पुलिस या चेकपोस्ट पर 400 से 500 रुपये देकर वे लोग आसानी से निकल जाते थे। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
चालक के इस कथित बयान से पुलिस और प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है। अब जांच का विषय यह है कि प्रतिबंधित मछली की इतनी बड़ी खेप बंगाल से निकलकर पूर्णिया तक कैसे पहुंच रही थी और रास्ते में इसकी रोकथाम क्यों नहीं हो सकी। मत्स्य विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई की बात कही है।
रिपोर्ट- विनय कुमार, कटिहार





