JEHANABAD: जहानाबाद जिले के बराबर थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव में एक युवक और एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतकों की पहचान दुखन चौधरी और रिंकू देवी के रूप में हुई है। एक ही गांव में दोनों की मौत की खबर से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, युवक की मौत के बाद परिजन उसके शव का अंतिम संस्कार करने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
इसी बीच गांव में एक महिला की भी फांसी लगाने से मौत होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को भी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जहानाबाद भेज दिया।
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि युवक दुखन चौधरी और महिला रिंकू देवी के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। हालांकि, दोनों की मौत के बीच क्या संबंध है और इसके पीछे की वास्तविक वजह क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही दोनों की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल एक ही गांव में दो लोगों की असामान्य परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में तनाव और चर्चाओं का माहौल है।





