Bihar News: बिहार के जमुई जिला के मलयपुर गांव में आवारा और हिंसक कुत्तों के झुंड ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शनिवार को गांव की मुख्य सड़क और गलियों में घूम रहे कुत्तों के झुंड ने राह चलते चार लोगों पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों के हमले में चारों लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर चिंता बढ़ गई है कि कहीं कुत्तों का झुंड किसी बच्चे या बुजुर्ग को अपना शिकार न बना ले।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को गांव की सड़क और गलियों से लोग अपने काम से जा रहे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद कुत्तों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने चार लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्तों को भगाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में सिद्धार्थ कुमार और गौतम कुमार को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिया। वहीं, दो अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 8 से 10 आवारा कुत्तों का झुंड लगातार घूमता रहता है। ये कुत्ते चौक-चौराहों और गलियों में जमा रहते हैं और अकेले गुजरने वाले लोगों पर अचानक हमला कर देते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अब तक मलयपुर बस्ती, मलयटोला और मलयपुर बाजार में करीब 11 लोगों को कुत्ते काटकर घायल कर चुके हैं।
लगातार हो रहे हमलों के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। अभिभावक छोटे बच्चों को अकेले घर से बाहर भेजने से भी कतरा रहे हैं। शाम ढलते ही कई गलियों में सन्नाटा पसर जाता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाया गया तो कोई बड़ी घटना हो सकती है।





