Fake Police Fraud: बिहार के जमुई में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पहुंचे बदमाशों ने एक ग्रामीण को अपना शिकार बना लिया. शातिरों ने पर्व के दौरान पुलिस की सख्ती और जांच का डर दिखाकर पहले सोने की चेन उतरवाई और फिर असली गहनों की जगह नकली लॉकेट थमाकर फरार हो गए. ठगी का शिकार हुए व्यक्ति ने खैरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है.
मामला खैरा थाना क्षेत्र के सिंगारपुर गांव का है. यहां शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे अनिल भगत (47) अपने घर के पास सड़क किनारे काम कर रहे थे. इसी दौरान खैरा और जमुई की ओर से कुछ लोगों ने उन्हें आवाज लगाई और कहा कि ‘इधर आइए, बड़ा बाबू बुला रहे हैं’. इसके बाद उन्हें पुलिस जांच और पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देकर अपने झांसे में ले लिया.
पहले दो लोगों को रोका, फिर जीता भरोसा
अनिल भगत के अनुसार, इसी दौरान जमुई की ओर से पैदल आ रहे दो अन्य लोगों को भी वहां रोक लिया गया. कुछ देर बाद दोनों तरफ से बाइक सवार युवक पहुंचे और खुद को पुलिस प्रशासन से जुड़ा बताया. उन्होंने कहा कि इलाके में पुलिस की सख्ती बढ़ गई है और सुरक्षा को देखते हुए सोने की चेन पहनकर घूमना ठीक नहीं है.
बदमाशों की बातों में आकर पहले दोनों पैदल व्यक्तियों ने अपनी-अपनी सोने की चेन उतार दी. यह देखकर अनिल भगत को भी उनकी बातों पर भरोसा हो गया और उन्होंने अपने गले से सोने का लॉकेट लगी चेन उतारकर दे दी.
इसके बाद शातिरों ने सभी के गहनों को बड़े अधिकारी के पास दिखाने और कागज में सुरक्षित रखने की बात कही. इसी दौरान उन्होंने अनिल भगत की असली सोने की चेन और लॉकेट की जगह कागज में लिपटा नकली लॉकेट थमा दिया. इसके बाद दोनों बाइक सवार मौके से फरार हो गए.
कुछ देर बाद जब अनिल भगत ने कागज खोलकर देखा तो उनके होश उड़ गए. उसमें सोने के गहनों की जगह नकली लॉकेट था. पीड़ित के मुताबिक, ठगी गई सोने की चेन और लॉकेट का वजन करीब एक भर था.
अनिल भगत ने आशंका जताई है कि मौके पर पहले से मौजूद दोनों पैदल व्यक्ति भी ठगी करने वाले गिरोह के सदस्य थे. उनके मुताबिक, सभी ने मिलकर पहले से योजना बनाकर इस घटना को अंजाम दिया.
ठगी का पता चलने के बाद पीड़ित परिवार ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद खैरा थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई.
खैरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. पुलिस आसपास के इलाकों और संदिग्ध लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है. मामले की जांच की जा रही है.





