Bihar News: बिहार के गोपालगंज में एक मोटर गैरेज में भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हुआ है. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गैरेज में खड़ी आठ गाड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं. वहीं कई अन्य गाड़ियां भी आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गईं. इस अग्निकांड में गैरेज संचालक को 25 लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है. शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, शहर स्थित गोपाल केडिया के मोटर गैरेज में अचानक धुआं निकलने लगा. कुछ ही देर में गैरेज से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं. आग इतनी तेजी से फैली कि वहां खड़ी गाड़ियों को संभालने का मौका तक नहीं मिला. गैरेज में मौजूद ज्वलनशील सामान के कारण आग ने कुछ ही समय में बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया.
छह दमकल गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू
गैरेज में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. आग की गंभीरता को देखते हुए एक के बाद एक छह दमकल गाड़ियों को बुलाया गया. अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घंटों मशक्कत की, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका.
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई. समय रहते दमकल की टीम ने आग पर नियंत्रण पा लिया, जिससे आसपास की दुकानों और रिहायशी इलाकों तक आग फैलने का खतरा टल गया.
गैरेज संचालक गोपाल केडिया के अनुसार, आग में आठ गाड़ियां पूरी तरह जलकर नष्ट हो गईं. इसके अलावा कई अन्य वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं. गैरेज में रखी मशीनें, उपकरण और दूसरे कीमती सामान भी आग की चपेट में आ गए.
उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में करीब 25 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. घटना के बाद गैरेज संचालक और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. वहीं एमएलसी राजीव कुमार और सदर विधायक सुबास सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. दोनों जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित गैरेज संचालक से मुलाकात की और उन्हें उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया.
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी प्रेमचंद्र राम ने बताया कि गोपाल गैरेज में आग लगने की सूचना मिली थी. दमकल की छह गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है.





