Bihar Police Attack: गया जिले के गुरपा थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर हमला कर शराब मामले में हिरासत में लिए गए एक आरोपी को जबरन छुड़ाने का मामला सामने आया है. लावारिस बाइक की जांच करने पहुंची पुलिस टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया था. उसे थाने ले जाने के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस वाहन को रास्ते में रोक लिया और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई कर आरोपी को छुड़ा ले गए. इस घटना में दो सिपाही घायल हो गए हैं.
घटना 24 नवंबर की सुबह की बताई जा रही है. पुलिस के अनुसार, दुन्दु मंदिर के पास सड़क किनारे एक लावारिस मोटरसाइकिल खड़ी होने की सूचना मिली थी. इसके बाद पीटीसी दर्शन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. सुबह करीब 9:45 बजे उपेंद्र यादव के घर के पास काले और नीले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली बाइक मिली. पुलिस ने आसपास के लोगों से बाइक के बारे में पूछताछ की, लेकिन उसके मालिक की जानकारी नहीं मिल सकी.
इसी दौरान पुलिस की नजर भीड़ में मौजूद नीतीश कुमार उर्फ बंगाली पर पड़ी. प्राथमिकी के अनुसार, नीतीश फतेहपुर थाना में मद्य निषेध कानून के तहत दर्ज एक मामले का आरोपी है. इसके बाद पुलिस उसे आगे की कार्रवाई के लिए अपने साथ लेकर जाने लगी.
पुलिस वाहन को ओवरटेक कर रोका रास्ता
पुलिस के मुताबिक, नीतीश को लेकर टीम आगे बढ़ी ही थी कि धनक्षू मोड़ मंदिर के पास तीन मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कुछ लोग पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने पुलिस वाहन को ओवरटेक कर रास्ता रोक दिया. इसके बाद देवनंदन यादव, विपिन कुमार समेत चार अज्ञात लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी और हिरासत में लिए गए नीतीश को जबरन छुड़ा लिया.
इस दौरान नीतीश पर भी पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई करने का आरोप लगाया गया है. हमले में सिपाही राजन कुमार के दाहिने हाथ में चोट आई, जबकि सिपाही गोल्डेन कुमार के दाहिने हाथ और पैर में चोट लगी. घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई.
तीन नामजद समेत चार अज्ञात पर प्राथमिकी
मामले में पुलिस के आवेदन पर तीन नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. फिलहाल पूरे मामले की जांच एसआई विनय कुमार सिंह कर रहे हैं. पुलिस आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है.
इस घटना के बाद मामले में एक नया विवाद भी सामने आया है. देवनंदन यादव ने गुरपा थानाध्यक्ष शिवनंदन कुमार पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और धमकी देने का आरोप लगाया है. इस संबंध में कथित ऑडियो भी प्रसारित हुआ है. देवनंदन यादव ने मगध आईजी से शिकायत कर थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
डीएसपी अभिनव कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.




