Bihar News: बिहार और झारखंड में अपराध और जमीन के कारोबार को लेकर चर्चा में रहे भगत यादव के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। गया से लेकर पटना, औरंगाबाद और झारखंड के चतरा तक फैले उसके ठिकानों पर छापेमारी कर जांच एजेंसी ने करोड़ों रुपये की कथित अवैध संपत्ति का खुलासा किया है। कार्रवाई में जो दस्तावेज और नकदी बरामद हुए हैं, उन्होंने जांच एजेंसियों को भी चौंका दिया है। करीब 125 से 130 बीघा जमीन, 73.5 लाख रुपये नकद, 38 बैंक खातों के दस्तावेज और ज्वेलरी खरीद की रसीदें इस कार्रवाई के दौरान सामने आई हैं।
आर्थिक अपराध इकाई की अलग-अलग टीमों ने भगत यादव और उसके गिरोह से जुड़े लोगों के कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की। ये ठिकाने गया, औरंगाबाद, पटना और झारखंड के चतरा में स्थित हैं। इस कार्रवाई में भगत यादव, उसके बेटे आर्यन कुमार, पत्नी सुनीता कुमारी और रौशन राज उर्फ रौशन कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, भगत यादव ने पिछले 15 से 16 वर्षों के दौरान अपराध से अर्जित धन के जरिए अपने और परिवार के सदस्यों के नाम पर बड़े पैमाने पर संपत्ति बनाई। छापेमारी में जमीन की रजिस्ट्री से जुड़े 106 डीड, जमीन खरीद के 51 एकरारनामे और 38 बैंक खातों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। इसके अलावा नकदी और आभूषण खरीद के प्रमाण भी जब्त किए गए हैं।
करीब 130 बीघा जमीन और 15 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेजों की जांच में पता चला कि भगत यादव और उसके परिवार के नाम पर 67 निबंधित दस्तावेजों के माध्यम से 7790 डिसमिल जमीन खरीदी गई। यह जमीन करीब 130 बीघा बताई जा रही है। इसके अलावा फ्लैट और मकान अर्जित करने के भी साक्ष्य मिले हैं।
EOU के अनुसार, इन संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 15 करोड़ रुपये है। हालांकि, जमीन का सरकारी सर्किल रेट इससे कई गुना अधिक बताया जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि एक ऐसे भूखंड का सरकारी मूल्य करीब 28 करोड़ रुपये है, जिसकी रजिस्ट्री महज 1.5 करोड़ रुपये में कराई गई थी। एजेंसी अब जमीन की खरीद-बिक्री और रजिस्ट्री से जुड़े पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
पटना और गया के ठिकानों से मिले लाखों रुपये
छापेमारी के दौरान पटना स्थित भगत यादव के आवास से 19.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके साथ ही जमीन के तीन महत्वपूर्ण दस्तावेज भी मिले। वहीं, गया जिले के डोभी स्थित आवास से जमीन खरीद के 51 एग्रीमेंट, तीन लाख रुपये नकद और 11 बैंक खातों से जुड़े कागजात जब्त किए गए।
औरंगाबाद के दाउदनगर में गिरोह से जुड़े सुधीर पांडेय के आवास पर भी जांच टीम को बड़ी रकम मिली। यहां से 51 लाख रुपये नकद और जमीन के 28 दस्तावेज बरामद किए गए। इनमें ज्यादातर जमीनों की रजिस्ट्री भगत यादव के साथ संयुक्त रूप से होने की बात सामने आई है।
गोपनीय डायरी ने बढ़ाई जांच एजेंसी की चिंता
इस पूरे मामले में सबसे अहम बरामदगी भगत यादव के करीबी सुरेंद्र यादव के घर से हुई है। यहां से 51 पन्नों की एक गोपनीय डायरी मिली है। इसमें कई अधिकारियों के साथ कथित वित्तीय लेनदेन का जिक्र होने की बात सामने आई है।
EOU अब इस डायरी में दर्ज जानकारियों की जांच कर रही है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित लेनदेन किन लोगों से हुआ और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका हो सकती है।
वहीं, रौशन राज के आवास से 15 रजिस्ट्री दस्तावेज, आठ बैंक खातों के कागजात, एलआईसी से जुड़े पांच दस्तावेज और आभूषण खरीद की करीब दो दर्जन रसीदें बरामद की गई हैं।
28 करोड़ की जमीन, आठ महंगी गाड़ियों के दस्तावेज भी मिले
जांच में भगत यादव और उसकी फर्म मोनू इंटरप्राइजेज के नाम पर आठ वाहनों के निबंधन का भी पता चला है। इनमें टोयोटा फॉर्च्यूनर, स्कॉर्पियो, सफारी और हाइवा जैसे वाहन शामिल हैं। भगत यादव को उसकी टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी के साथ गिरफ्तार किया गया।
झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज में भी जांच टीम ने कार्रवाई की। यहां से जमीन की रजिस्ट्री के दस्तावेज और बैंक खातों से जुड़े कागजात बरामद हुए हैं। इस कार्रवाई में एसटीएफ के साथ गया, औरंगाबाद और झारखंड पुलिस की टीम भी शामिल रही।
हत्या, रंगदारी और जमीन कब्जे समेत 25 मामले दर्ज
गया निवासी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव का नाम बिहार और झारखंड के कई आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है। जांच एजेंसी के अनुसार, वर्ष 2001 से अब तक उसके खिलाफ गया, झारखंड के बोकारो, रांची और अन्य इलाकों में कुल 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इन मामलों में हत्या, हत्या के प्रयास, मारपीट, रंगदारी, अपहरण, लूट, हथियार अधिनियम और जमीन पर कब्जे जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
EOU ने इस मामले में भगत यादव समेत गिरोह के कुल 11 लोगों के खिलाफ आर्थिक अपराध थाने में कांड संख्या 34/26 दर्ज किया है। इनमें उसकी पत्नी, बेटा और गिरोह के अन्य सदस्य भी शामिल हैं।
अब जांच एजेंसी की नजर बरामद जमीन के दस्तावेजों, बैंक खातों, गोपनीय डायरी और संपत्ति के वास्तविक स्रोत पर है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है। खासकर डायरी में दर्ज कथित वित्तीय लेनदेन की जांच से कई नए नाम सामने आ सकते हैं





