Bihar Police Attack: शराबबंदी वाले बिहार में शराब माफियाओं का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि तस्कर को पकड़ने जा रही पुलिस टीम पर ही हमला बोल दिया जाता है. यह कोई एक घटना नहीं है, ऐसी घटनाएं आए दिन सामने आती रहती हैं. ताजा मामला गया जिले से सामने आया है, जहां शराब माफिया के लोगों ने एक बार फिर पुलिस टीम पर हमला कर दिया और पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी को छुड़ा लिया.
दरअसल, मेन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कोयरी बिगहा स्थित मांझी टोला में अवैध रूप से शराब बनाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भोला मांझी के घर पर छापेमारी की. पुलिस ने वहां से शराब बरामद की और मौके से भोला मांझी को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस जब भोला मांझी को गिरफ्तार कर वाहन में बैठाकर थाना ले जाने की तैयारी कर रही थी, तभी घर में मौजूद महिलाओं और आसपास की अन्य महिलाओं ने पुलिस टीम का विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते महिलाओं ने पुलिस पर रोड़ेबाजी कर दी. अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला और भीड़ ने पुलिस की गिरफ्त से भोला मांझी को छुड़ा लिया.
पुलिसकर्मियों पर रोड़ेबाजी, वाहन भी क्षतिग्रस्त
पुलिस के अनुसार, हमले के दौरान एक एसआई समेत चार से पांच पुलिसकर्मी मामूली रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया है. हमले के दौरान पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है.
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि भोला मांझी के घर पर शराब बनाए जाने की सूचना मिलने के बाद टीम छापेमारी करने पहुंची थी. तलाशी के दौरान घर से शराब बरामद हुई और भोला मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस टीम उसे लेकर थाना लौट रही थी, तभी महिलाओं ने रास्ते में पुलिस का विरोध करते हुए हमला कर दिया और आरोपी को छुड़ा लिया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है. गया के एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मेन थाना की एक पुलिस अधिकारी को मामूली चोट आई है. मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस पर हमला करने और गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने में जो भी लोग शामिल हैं, उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी.





