Bihar Crime News: पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज में ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें दो उचक्कों ने रुमाल में कागज का बंडल बांधकर उसे नोटों की गड्डी बताया और बैंक से रुपये निकालकर लौट रही महिला को अपने झांसे में ले लिया. बदमाशों ने महिला के झोले से 50 हजार रुपये निकाल लिए और फरार हो गए. बाद में जब महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें कागज का बंडल था. ठगी का पता चलते ही महिला शिकारपुर थाना पहुंची और पुलिस से शिकायत की.
घटना नरकटियागंज स्थित सेंट्रल बैंक के आसपास की बताई जा रही है. ठगी की शिकार महिला की पहचान शमीमा खातून के रूप में हुई है. महिला बैंक से अपनी रकम निकालकर घर लौट रही थी. इसी दौरान दो युवकों ने उससे बातचीत शुरू की और धीरे-धीरे उसे अपने विश्वास में ले लिया.
फॉर्म भरने में मदद के बहाने शुरू हुई बातचीत
शमीमा खातून के अनुसार, वह बैंक में रुपये निकालने पहुंची थी. बैंक में फार्म भरने के दौरान एक युवक ने उनकी मदद की. इसी बीच दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया और दोनों उनसे बातचीत करने लगे. महिला को उस समय किसी तरह का शक नहीं हुआ.
बैंक से रुपये निकालने के बाद जब वह घर जाने के लिए निकली तो दोनों युवक उसके पीछे लग गए. बैंक के दूसरी तरफ सड़क पार करने के बाद दोनों ने महिला से दोबारा बातचीत शुरू की. इसी दौरान उन्होंने रुमाल में बंधा हुआ एक बंडल दिखाया.
रुमाल में कागज का बंडल, ऊपर से दिखाया नोट
बदमाशों ने रुमाल को थोड़ा खोलकर महिला को अंदर नोट होने का भरोसा दिलाया. महिला को लगा कि रुमाल में रुपये की गड्डी है. इसके बाद बदमाशों ने उस बंडल को महिला के झोले में रखने की बात कही.
इसी दौरान दोनों उचक्कों ने महिला के झोले में रखे 50 हजार रुपये निकाल लिए. इसके बाद वे वहां से फरार हो गए. महिला को कुछ देर तक इस बात का पता नहीं चला कि उसके साथ ठगी हो चुकी है.
रुमाल खोला तो कागज का बंडल मिला
बदमाशों के जाने के बाद जब महिला ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें नोटों की गड्डी की जगह कागज का बंडल मिला. महिला के अनुसार, बंडल में केवल 500 रुपये का एक नोट था. इसके बाद उसे समझ आया कि दोनों युवकों ने उसे झांसा देकर उसके 50 हजार रुपये निकाल लिए हैं.
ठगी के बाद महिला रोते-बिलखते हुए शिकारपुर थाना पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. महिला ने पुलिस को बताया कि बैंक से रुपये निकालने के बाद दोनों युवक लगातार उसके आसपास मौजूद थे.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दोनों युवकों की पहचान की जा सके.
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दोनों आरोपी बैंक के अंदर से ही महिला पर नजर रख रहे थे या उन्होंने बैंक के बाहर उसका पीछा किया. सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है.





