Bihar News: बिहार के गया जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हाईवा ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। शेरघाटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास जीटी रोड पर रविवार सुबह पुलिस ने छापेमारी कर करीब 2 क्विंटल 10 किलो गांजा जब्त किया। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से हाईवा के दो चालकों को भी गिरफ्तार किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शेरघाटी पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जीटी रोड के रास्ते एक हाईवा ट्रक में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और गोपालपुर गांव के समीप जीटी रोड पर वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया गया। इसी दौरान संदिग्ध हाईवा को रोककर तलाशी ली गई।
पहली नजर में ट्रक सामान्य लग रहा था, लेकिन पुलिस को शक होने पर वाहन की गहन जांच की गई। जांच के दौरान हाईवा के अंदर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त तहखाने का पता चला। जब तहखाना खोला गया तो पुलिस भी हैरान रह गई। अंदर आठ बोरे रखे हुए थे, जिनमें करीब 210 किलो गांजा छिपाकर रखा गया था। बताया जा रहा है कि प्रत्येक बोरे में लगभग 26-26 किलो गांजा भरा हुआ था।
पुलिस ने तुरंत दोनों चालकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बक्सर जिले के नावानगर थाना क्षेत्र के रूपसागर गांव निवासी पिंटू कुमार और रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के मनोहरपुर मालियाबाग निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने बताया कि बरामद गांजा की बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में चालकों ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और बताया कि उन्हें सिर्फ हाईवा को सासाराम तक ले जाने के लिए कहा गया था। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने गांजा तस्करी की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए हाईवा के अंदर बेहद चालाकी से गुप्त तहखाना तैयार कराया था। बाहर से देखने पर यह सामान्य वाहन लग रहा था, लेकिन अंदर बड़े पैमाने पर गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।





