DMCH Junior Doctors Strike: दरभंगा के डीएमसीएच में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल के कारण करीब 13 घंटे से इमरजेंसी सेवा प्रभावित है। गुरुवार सुबह से डॉक्टरों ने ओपीडी सेवा भी बंद करा दी। इससे दरभंगा के अलावा सहरसा, मधेपुरा, सुपौल और मधुबनी समेत आसपास के जिलों से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि बुधवार रात मेडिसिन विभाग में मरीज को दिखाने को लेकर एक महिला परिजन और जूनियर डॉक्टर के बीच विवाद हो गया। डॉक्टरों का आरोप है कि महिला परिजन की ओर से गाली-गलौज की गई। घटना के बाद जूनियर डॉक्टरों ने इमरजेंसी सेवा ठप कर हड़ताल शुरू कर दी। हंगामे की सूचना पर बेंता थाना की पुलिस डीएमसीएच पहुंची और महिला परिजन को पुलिस संरक्षण में लिया।
जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि एक महीने के भीतर मेडिसिन विभाग में इस तरह की यह दूसरी घटना है। डॉक्टरों ने मरीजों और परिजनों की ओर से होने वाले दुर्व्यवहार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
हड़ताल की जानकारी मिलने के बाद डीएमसीएच के प्राचार्य डॉ. यूसी जहां, अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा समेत अन्य पदाधिकारी जूनियर डॉक्टरों से बातचीत कर हड़ताल समाप्त कराने की कोशिश में जुटे हैं। सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
रिपोर्ट- गिरिश कुमार, दरभंगा





